श्री आर. माधवन भारतीय सिनेमा के एक प्रख्यात एवं सम्मानित अभिनेता हैं । उन्होंने वर्ष 1993 में शिवाजी विश्वविद्यालय, कोल्हापुर से विज्ञान स्नातक की उपाधि प्राप्त की ।
भारतीय सिनेमा में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें पद्म श्री से सम्मानित किया गया। उन्होंने कान्स फिल्म महोत्सव, हार्वर्ड विश्वविद्यालय तथा विभिन्न अंतरराष्ट्रीय फिल्म मंचों सहित अनेक प्रतिष्ठित अवसरों पर भारत का प्रतिनिधित्व किया । उनकी बहुभाषी दक्षता और सांस्कृतिक संवेदनशीलता उन्हें विविध दर्शकों के मध्य भारतीय कला और मूल्यों का विशिष्ट प्रतिनिधि दर्शाती है।
माधवन उन सुप्रसिद्ध भारतीय व्यक्तित्वों में हैं जिनकी उत्कृष्टता सिनेमा, शिक्षा, सामाजिक सुधार, कृषि तथा सांस्कृतिक कूटनीति जैसे विविध क्षेत्रों तक विस्तृत है । उनके 25 से अधिक वर्षों के करियर में अनेक समीक्षकों द्वारा प्रशंसित एवं सामाजिक रूप से प्रासंगिक कृतियाँ शामिल हैं । उनकी फिल्मों ने शिक्षा (3 इडियट्स), महिला खेल (इरुधि सुट्टू) तथा भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों (रॉकेट्री: द नम्बी इफेक्ट) जैसे विषयों पर नई चर्चाओं को प्रोत्साहित किया है। भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान ( भाफिटेसं) के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने संस्थान में नई ऊर्जा और गतिशीलता का संचार किया है। उनके नेतृत्व में नई तकनीकों को प्रोत्साहन मिला है तथा देशभर के उभरते फिल्म निर्माताओं के लिए अवसरों का विस्तार हुआ है ।उनका योगदान केवल व्यापक ही नहीं, बल्कि परिवर्तनकारी भी है। उनके मार्गदर्शन में भाफिटेसं अपनी गौरवशाली विरासत को सुदृढ़ करते हुए विकास की नई संभावनाओं की ओर अग्रसर है ।

